डूंगरपुर में एम्बुलेंस से शराब तस्करी, 3 लाख की शराब जब्त
Share
उदयपुर। 5 अगस्त
डूंगरपुर जिले में धम्बोला थाना पुलिस ने एम्बुलेंस से शराब तस्करी का पर्दाफाश करते हुए एक बड़ा खुलासा किया। ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि एक एम्बुलेंस के जरिए शराब की तस्करी हो रही है। इस पर धम्बोला पावर हाउस के पास नाकेबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान डूंगरपुर की ओर से आ रही एम्बुलेंस को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें 24 कार्टन राजस्थान निर्मित शराब मिली, जिसकी बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने एम्बुलेंस को जब्त कर मध्य प्रदेश निवासी चालक सुनील को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध तस्करी के पीछे और कौन-कौन शामिल हैं। यह घटना दर्शाती है कि शराब माफिया अब तस्करी के लिए एम्बुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों का भी दुरुपयोग कर रहे हैं।
