डूंगरपुर में प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी पर हमला: 8 गिरफ्तार, एक की मौत
Share
डूंगरपुर| 18 अगस्त 2025
राजस्थान के डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में एक प्रेमी और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने प्रेमिका, उसके पिता सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस हमले के बाद जान बचाने के लिए तालाब में कूदे प्रेमी के एक दोस्त की डूबने से मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद वारदात में इस्तेमाल की गई जीप और बाइक भी जब्त कर ली है।
यह घटना 13 अगस्त की रात की है। पाल मांडव फला घाटिया घरा निवासी आशाराम डेंडोर ने पुलिस को बताया कि उसका पिछले तीन साल से एक युवती से प्रेम संबंध है। 13 अगस्त को उसकी प्रेमिका ने फोन कर उसे बताया कि उसके घरवाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। उसने आशाराम से मदद मांगी, नहीं तो वह खुदकुशी कर लेगी।
अपनी प्रेमिका को बचाने के लिए आशाराम अपने दोस्तों अनिल रावल, पंकज अहारी और अरविंद परमार के साथ अहमदाबाद से उसकी मदद के लिए निकला। वे देर रात बोकडसेल पहुंचे। बोकडसेल पुलिया के पास पहुंचते ही प्रेमिका के परिवार के 15-20 लोग हाथों में लाठियाँ, पत्थर और एक कमांडर जीप लेकर उनका इंतजार कर रहे थे।
जैसे ही वे वहाँ पहुँचे, हमलावरों ने उनकी कार पर पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे कार के शीशे टूट गए। हमले से बचने के लिए चारों दोस्त भागे। आशाराम, अनिल और अरविंद जान बचाने के लिए पास के बोकडसेल तालाब में कूद गए। आशाराम और अरविंद तो तैरकर बाहर आ गए, लेकिन अनिल को पत्थरों से ज्यादा चोटें लगने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।
डूंगरपुर के थानाधिकारी तेजकरण चारण ने बताया कि इस मामले की जांच के बाद पुलिस ने प्रेमिका और उसके पिता सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
