LOADING

Type to search

तीन चिताएं बहा ले गई आयड़!

Local

तीन चिताएं बहा ले गई आयड़!

Share

सुबह 11 बजे अचानक आयड़ में आए उफान से अशोक नगर श्मशान में भी जल प्लावन

उदयपुर। 6 सितम्बर
उदयपुर अंचल में शनिवार तड़के से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से नदी-नालों में उफान आ गया। उदयपुर शहर के बीच से गुजरती आयड़ नदी में भी सुबह 11 बजे उफान आ गया और नदी का जल स्तर पुलियाओं को छू गया। चिकलवास से आ रही नदी की राह में आए फतहपुरा श्मशान में पानी भर गया तो शहर का प्रमुख अशोक नगर मोक्षधाम भी जल प्लावन से नहीं बच सका। नदी का पानी वहां तीन चिताओं और एक-दो दिन पहले हुए अंतिम संस्कार की राख को बहा ले गया।
श्मशान के बाहर लकड़ी की टाल के संचालक प्रकाश बुधराज ने बताया कि सुबह 10 बजे तक तीन अंतिम यात्राएं पहुंचीं थीं। दो का अंतिम संस्कार तो लगभग हो चुका था, लेकिन तीसरी का अंतिम संस्कार शुरू ही हुआ था कि नदी का पानी श्मशान में घुस गया। अचानक ही पानी बढ़ा जिससे अंतिम यात्रा में शामिल लोगों को तुरंत बाहर आना पड़ा।
श्मशान में गैस शवदाह गृह संभालने वाले नंदू भारती ने बताया कि एक अंतिम संस्कार गैस शवदाह गृह में किया गया था, वहां कोई समस्या नहीं हुई। वहां पानी भी नहीं भरा। लेकिन, शेष तीन चिताएं देखते ही देखते नदी के पानी के साथ विलीन हो गईं। शुक्रवार को दो अंतिम संस्कार हुए थे, उनकी अस्थियां भी बह गईं। एक परिवार के शोकाकुल शनिवार को अस्थियां लेने पहुंचे भी, लेकिन श्मशान में नदी का प्रवाह था। श्मशान के समाधियों वाले द्वार की तरफ तो श्मशान के अंदर से नदी की तरह ही तेज बहाव से पानी बह रहा था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *