तेज रफ्तार कार ने बाइक को 10 मीटर घसीटा, 3 विदेशी पर्यटक समेत 6 घायल
Share
गोगुंदा हाईवे पर फिर हादसा, यू-टर्न पर रॉंग साइड से आई कार को बचाने के प्रयास में हादसा
बाइक सवार की हालत गंभीर
उदयपुर, 4 अक्टूबर: जिले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर शनिवार को लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा हुआ। गोगुंदा कस्बे के शिवम हॉस्पिटल के पास विदेशी पर्यटकों की तेज रफ्तार इनोवा कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा कार बाइक को लगभग 10 मीटर तक घसीटते हुए पास की चाय की थड़ी में जा घुसी। इस हादसे में 3 विदेशी नागरिकों समेत कुल 6 लोग घायल हो गए, जिनमें बाइक सवार युवक और युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा यू-टर्न पर रोंग साइड से आई एक अन्य कार को बचाने के प्रयास में हुआ। इनोवा कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकराई और फिर सड़क किनारे थड़ी में जा घुसी। गनीमत रही कि कार ढाबे के कोने में रुकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में घायल बाइक सवार युवक-युवती को पहले गोगुंदा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एमबी अस्पताल उदयपुर रेफर किया गया। वहीं, तीनों विदेशी पर्यटक और ड्राइवर को भी चोटें आईं और उन्हें निजी वाहन से हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, विदेशी पर्यटक माउंट आबू से उदयपुर लौट रहे थे, जबकि बाइक सवार युवक-युवती पास के पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। हादसे की सूचना पर गोगुंदा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू की। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल युवक और युवती की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
