पुणे के दौंड में आपत्तिजनक पोस्ट के बाद तनाव, गाड़ियों को आग लगाई गई
Share
पुणे के दौंड में आपत्तिजनक पोस्ट के बाद तनाव, गाड़ियों को आग लगाई गई
पुणे, 1 अगस्त
पुणे जिले के दौंड तहसील के यवत गांव में शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट के बाद दो समुदायों के बीच तनाव फैल गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ ने सड़कों पर पथराव किया और कई वाहनों में आग लगा दी। घटनास्थल पर स्थित एक धार्मिक स्थल को भी निशाना बनाया गया।
दरअसल, 26 जुलाई को यवत के नीलकंठेश्वर मंदिर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इसके विरोध में गुरुवार से प्रदर्शन चल रहा था। शुक्रवार को इसी विवाद से जुड़ी एक युवक की आपत्तिजनक पोस्ट वायरल हो गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी युवक सैय्यद के सहकार नगर स्थित घर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ की। इसी दौरान दोनों पक्षों में झड़प हो गई।
पुलिस ने हालात काबू में लाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। यवत पुलिस निरीक्षक नारायण देशमुख ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। एहतियात के तौर पर यवत का साप्ताहिक बाजार बंद कर दिया गया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
