‘फतहसागर’ छलका, खुशी से झूम उठे लोग
Share
उदयपुर, 26 अगस्त
लेकसिटी उदयपुर की पहचान फतहसागर झील मंगलवार को लबालब हो गई। शाम 4:15 बजे जैसे ही झील के चारों गेट खोले गए, शहरवासियों और पर्यटकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। पाल और रपट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और मेला जैसा माहौल बन गया।
सोमवार रात हुई बारिश और लगातार पानी की आवक से झील का जलस्तर 13 फीट की पूर्ण क्षमता तक पहुंच गया। इससे पहले दोपहर तक यह 12 फीट 10 इंच था। गेट खोलने से पहले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर जलदेवता का आभार जताया।
जैसे ही पानी की धार पाल से बहने लगी, लोग जयकारे लगाने लगे और तस्वीरें खींचते नजर आए। झील से निकलने वाला पानी अब आयड़ नदी के जरिए उदयसागर में समाहित हो रहा है। पिछोला और उदयसागर के गेट पहले से खुले हैं, जिससे झीलों की चेन सिस्टम में पानी का प्रवाह जारी है।
पिछले 10 सालों में यह पांचवीं बार है जब अगस्त महीने में फतहसागर छलका है। इस बार गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर झील के ओवरफ्लो होने से लोगों की खुशी दोगुनी हो गई।
