भारी बारिश का कहर: कई इलाके जलमग्न, स्कूल और मकान ढहे
Share
रास्ते बंद, पुलिया और नदी-तालाब उफान पर
udr salumbar school
उदयपुर, 7 सितम्बर
उदयपुर और समीपवर्ती सलूम्बर जिले में लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। दोनों जिले की कई नदियां, तालाब और झील उफान पर हैं। तेज बारिश के चलते कोटड़ा-देवला, कोटड़ा-पानरवा और कोटड़ा-स्वरूपगंज मार्गों पर नदी का पानी तेज बहाव पर होने से रास्ते बंद हो गए हैं। प्रशासन ने आमजन को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। आयड़ नदी में फंसे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि उसके साथी की तलाश सिविल डिफेंस टीम कर रही है।
सलूंबर में स्कूल भवन गिरा
सलूंबर जिले के लसाड़िया में सरकारी प्राथमिक स्कूल भरेव का जर्जर भवन बारिश के दौरान धराशायी हो गया। रविवार को छुट्टी होने की वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने इसे शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया।
झाड़ोल में घर जलमग्न, रेस्क्यू
झाड़ोल में मानसी वाकल बांध के भरने से तलाई गांव में पानी भर गया। दो कच्चे घर पानी में घिर गए, जिनमें रहने वाले 15 लोगों को पंचायत की मदद से बोट के जरिए सुरक्षित अन्य रिश्तेदारों के पास पहुंचाया गया।
कृषि और पशुपालन प्रभावित
मटुन ग्राम पंचायत के खरबड़िया सुखनाका क्षेत्र में आयड़ नदी का पानी खेतों और घरों में भर गया। किसानों ने विधायक फूल सिंह मीना से मवेशियों के चारे और फसल के नुकसान का मुआवजा देने का निवेदन किया। विधायक ने राज्य सरकार के माध्यम से राहत की व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
गोगुंदा में निरीक्षण और राहत कार्य
भारी बारिश से प्रभावित इलाकों का दौरा करने गोगुंदा में भाजपा पदाधिकारी और विधायक पहुंचे। टूटी पुलियों और फूटे तालाबों का निरीक्षण कर अस्थाई सड़क निर्माण के निर्देश दिए गए। प्रशासन और स्थानीय नेताओं ने राहत कार्य में सहयोग की जिम्मेदारी संभाली।
डाकनकोटड़ा में मकान गिरा, बकरियों की मौत
डाकनकोटड़ा क्षेत्र में बारिश के दौरान एक कच्चा मकान गिर गया। मकान में तीन बकरियां बंधी थीं, जो हादसे में मर गईं। मकान का मालिक परिवार सहित पास ही अन्य मकान में रह रहा था।
