मंत्री के गृहक्षेत्र कोटड़ा में टूटी सड़कें बनी मुसीबत
Share
विकास के दावों के बीच ग्रामीणों को सिर्फ आश्वासन
हितेश कुमार शर्मा
उदयपुर, 31 अगस्त
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कोटड़ा, जो जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी का गृह क्षेत्र है, आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां की जर्जर सड़कों ने ग्रामीणों की जिंदगी मुश्किल बना दी है।
श्मशान और कब्रिस्तान तक जाने वाले मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बरसात में इनमें पानी भर जाने से हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो अधिकारियों ने और न ही जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस कदम उठाया।
विडंबना यह है कि मंत्री जी मंचों से विकास और “डबल इंजन सरकार” की बात करते हैं, लेकिन अपने ही क्षेत्र में लोग सुरक्षित सड़क सुविधा तक से वंचित हैं।
पंचायत समिति के एईएन विजयेंद्र अग्रवाल ने दावा किया कि जल्द ही सड़कों की मरम्मत होगी, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं।
चार बार विधायक और अब मंत्री बनने के बावजूद बाबूलाल खराड़ी अपने गृह क्षेत्र की सड़क समस्या हल नहीं कर पाए हैं। ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब मंत्री के दबदबे वाले इलाके की यह हालत है, तो बाकी पिछड़े क्षेत्रों में विकास की स्थिति कैसी होगी।
लोगों की मांग है कि सरकार और प्रशासन जल्द से जल्द इस गंभीर समस्या का समाधान करे और उन्हें सुरक्षित सड़क का अधिकार दे।
