महाडी के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित, जनजाति मंत्री को सौंपा ज्ञापन
Share
कोटड़ा, 20 अगस्त: आजादी के 78 वर्ष बाद भी महाडी क्षेत्र के ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। इसको लेकर ग्रामीणों ने जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी के निवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि महाडी राजस्व गांव नाल और वियोल के लोग आज भी बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के बिना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। महाडी की मुख्य सड़क सालों से जर्जर पड़ी है, जबकि नाल बक्सा डैम से नाल बक्सा रोड, रावला से हरुआ रोड, उंडावेल से बॉडी कला रोड और जाडा शिमला से वियोल रोड का कार्य अधूरा है।
बिजली समस्या: राजस्व गांव नाल, चोटि नाल और तालाब फला जैसे गांव अब तक बिजली से वंचित हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों और नेताओं से गुहार लगाने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले। इस दौरान चुन्नीलाल डाबी, राजेंद्र जी, सवजीराम, पोपटलाल, लक्ष्मण, नाथूलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पानी की समस्या: ‘हर घर नल योजना’ के तहत नाल गांव में बनी पानी की टंकी पिछले 2 वर्षों से बंद पड़ी है। ठेकेदार काम शुरू नहीं करवा रहे हैं, जिससे पूरा गांव पानी संकट से जूझ रहा है।
शिक्षा व आंगनबाड़ी: ग्रामीणों ने बताया कि महाडी की सभी स्कूलें जर्जर हालत में हैं। जहां आंगनबाड़ी केंद्र नहीं हैं, वहां नए केंद्र खोले जाने की मांग की गई।
बालिका हॉस्टल संकट: ग्राम पंचायत महाडी की बालिका हॉस्टल के बाथरूम जर्जर हो चुके हैं। 6 माह पहले ठेका मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ। इससे छात्राओं को रात में खुले में शौच जाना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा बना रहता है।
