मोदी-जिनपिंग 31 अगस्त को चीन में मिलेंगे
Share
गलवान झड़प के बाद दूसरी औपचारिक मुलाकात, सीमा विवाद पर वार्ता संभव
नई दिल्ली। 28 अगस्तप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 31 अगस्त को तियानजिन में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के दौरान मुलाकात करेंगे। यह 2020 की गलवान झड़प के बाद दोनों नेताओं की दूसरी औपचारिक मुलाकात होगी।दोनों आखिरी बार अक्टूबर 2024 में रूस के कजान में ब्रिक्स समिट में मिले थे। उस दौरान 50 मिनट चली बातचीत में मोदी ने कहा था कि सीमा पर शांति और स्थिरता भारत-चीन संबंधों की मूल शर्त है।
सीमा विवाद और द्विपक्षीय संबंध एजेंडे में
इस मुलाकात में सीमा विवाद, LAC पर तनाव कम करने और व्यापार सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। मोदी SCO समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और मध्य एशियाई देशों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
पिछले महीने विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चीन दौरे के दौरान शी जिनपिंग और विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की थी। उन्होंने जल संसाधन डेटा शेयरिंग, व्यापार प्रतिबंध, आतंकवाद और सीमा पर तनाव कम करने जैसे मुद्दों पर बात की थी। माना जा रहा है कि उसी वार्ता ने मोदी-जिनपिंग मुलाकात का रोडमैप तैयार किया।
वैश्विक परिप्रेक्ष्य
यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर रूसी तेल और हथियार खरीदने की वजह से 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। भारत, चीन के बाद रूस से सबसे ज्यादा तेल आयात करता है।
शी जिनपिंग आखिरी बार 2019 में भारत आए थे। महाबलीपुरम में उनकी मोदी से मुलाकात को द्विपक्षीय रिश्तों में नया अध्याय माना गया था। अब तियानजिन में होने वाली बातचीत से एक बार फिर रिश्तों में सुधार की उम्मीदें जुड़ी हैं।
