वन मंत्री बोले: पौधे लगाना आसान, बचाना बड़ी जिम्मेदारी
Share
वनमंत्री ने की कुंभलगढ़ टाइगर रिजर्व की समीक्षा, अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश
उदयपुर। 3 अगस्त
वन मंत्री संजय शर्मा ने रविवार को राजसमंद दौरे के दौरान कलेक्ट्री सभागार में कुंभलगढ़ टाइगर रिजर्व व बजट घोषणाओं से जुड़े वन विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना आसान है, लेकिन उसका संरक्षण ज्यादा जरूरी है। राजसमंद में गत वर्ष लगाए गए पौधों में से 70% सुरक्षित हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
वनमंत्री ने कुंभलगढ़ टाइगर रिजर्व की प्रगति रिपोर्ट देखी और प्रोजेक्ट में आ रही बाधाओं पर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि रिजर्व को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधनों और जनसहयोग की जरूरत है। वनभूमि पर अतिक्रमण के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
शर्मा ने बताया कि राज्य में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत अब तक 2.51 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री के “एक पौधा मां के नाम” आव्हान से प्रेरित होकर करीब 8 करोड़ पौधारोपण हुआ है। उन्होंने जंगल में आग की घटनाओं से निपटने में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, विश्व राज सिंह, कलेक्टर अरुण हसीजा, डीएफओ कस्तूरी प्रशांत शूले सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
