सांवलिया मंदिर मंडल के पूर्व अध्यक्ष कन्हैयालाल वैष्णव का निधन, क्षेत्र में शोक
Share
मंडफिया, 20 अगस्त: श्री सांवलिया जी मंदिर मंडल मंडफिया के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच कन्हैयालाल वैष्णव (73) पुत्र स्व. तुलसीदास वैष्णव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी वैष्णव के निधन की सूचना से मंडफिया कस्बे व आसपास क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
उनकी अंतिम यात्रा में निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, पूर्व विधायक सुरेंद्रसिंह जाड़ावत, अशोक नवलखा, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, पूर्व अध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट सहित हजारों लोग शामिल हुए। मोक्षधाम पर आयोजित शोकसभा में कई नेताओं ने उनके जीवन पर विचार रखे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दिवंगत के छोटे भाई व वर्तमान मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव को फोन कर परिवार को ढांढस बंधाया। कन्हैयालाल वैष्णव 10 वर्ष तक सरपंच और 13 वर्ष तक तीन बार मंदिर मंडल अध्यक्ष रहे। उनके निधन पर कई व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रख श्रद्धांजलि दी।
