राजस्थान-गुजरात बॉर्डर पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई
Share
राजस्थान-गुजरात बॉर्डर पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई
85 कार्टन शराब जब्त, एक गिरफ्तार—दो जने फरार
उदयपुर। 31 जुलाई
डूंगरपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को दो बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के डेडली गांव और धम्बोला थाना क्षेत्र के सरथुना बॉर्डर पर की गई कार्रवाई में कुल 85 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।
बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि डेडली निवासी कालू अहारी के घर पर अवैध रूप से शराब भंडारण किया गया है। पुलिस टीम ने दबिश दी, लेकिन कालू मौके से फरार हो गया। घर की तलाशी लेने पर एक कमरे से राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के 74 कार्टन बरामद किए गए। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 3.5 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि शराब किसी सरकारी ठेके से लाई गई थी या नहीं। आशंका जताई जा रही है कि यह खेप गुजरात में तस्करी के लिए तैयार की गई थी।
सरथुना बॉर्डर पर पकड़ी शराब से भरी कार
इसी दिन धम्बोला थानाधिकारी रिजवान खान के नेतृत्व में राजस्थान-गुजरात सरथुना बॉर्डर पर नाकेबंदी के दौरान एक कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन ड्राइवर कार छोड़कर फरार हो गया। कार में सवार मोडासा, गुजरात निवासी अरविन्द बामनिया को हिरासत में लिया गया। कार की तलाशी में सीट के नीचे बने गुप्त बॉक्स में छिपाकर रखे गए 11 कार्टन शराब बरामद किए गए। पुलिस ने अरविन्द को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार ड्राइवर भावेश परमार की तलाश जारी है।
