LOADING

Type to search

उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां तेज़

वोट देने वाले सांसदों की सूची तैयार, अगले हफ्ते हो सकता है चुनाव की तारीख का ऐलान

National

उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां तेज़

Share

वोट देने वाले सांसदों की सूची तैयार, अगले हफ्ते हो सकता है चुनाव की तारीख का ऐलान

नई दिल्ली। 31 जुलाई
देश में उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। चुनाव आयोग ने गुरुवार को बताया कि निर्वाचक मंडल (इलेक्टोरल कॉलेज) यानी वोट देने वाले सांसदों की सूची तैयार कर ली गई है। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव की तारीख का ऐलान अगले हफ्ते किया जा सकता है।
संविधान के अनुच्छेद 66(1) के अनुसार, उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित व मनोनीत सांसदों द्वारा किया जाता है। एक बार इलेक्टोरल कॉलेज की सूची तय हो जाने के बाद उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाता।
इससे पहले 25 जुलाई को चुनाव आयोग ने राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी को चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया था। उनके साथ गरिमा जैन (संयुक्त सचिव, राज्यसभा सचिवालय) और विजय कुमार (निदेशक) को सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि 74 वर्षीय उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था। उन्होंने राष्ट्रपति को भेजे पत्र में लिखा कि स्वास्थ्य कारणों और डॉक्टरी सलाह के चलते वह उपराष्ट्रपति पद से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहे हैं। उनका इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 22 जुलाई को स्वीकार कर लिया था।
चुनाव आयोग ने X (पूर्व ट्विटर) पर नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर तीन प्रमुख तैयारियां की जा रही हैं:
इलेक्टोरल कॉलेज की सूची को अंतिम रूप देना
मुख्य और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति
पिछले उपराष्ट्रपति चुनावों का रिकॉर्ड और संदर्भ सामग्री तैयार करना
21 जुलाई को धनखड़ ने आखिरी बार राज्यसभा की कार्यवाही में भाग लिया था। उनके इस्तीफे के बाद देश को अब 15वां उपराष्ट्रपति जल्द मिलने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *