गाय का शिकार करने आया लेपर्ड कुएं में गिरा
Share
ढाई घंटे चला रेस्क्यू, ट्रेंक्यूलाइज कर पिंजरे में कैद किया गया
उदयपुर। 3 अगस्त
बिनोल गांव के रघुनाथपुरा में गाय का शिकार करने आया एक लेपर्ड अचानक कुएं में गिर गया। घटना दोपहर करीब तीन बजे की है जब खेत मालिक कजोड़ सिंह राजपूत अपने खेत में काम कर रहे थे। तभी उन्हें जोर की आवाज सुनाई दी। पहले तो उन्हें लगा कि उनकी गाय कुएं में गिर गई है, लेकिन पास जाकर देखा तो कुएं में तैरता हुआ लेपर्ड नजर आया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन में गस्ती दल के रेंजर सत्यानंद गरासिया, ट्रेंकुलाइजर शूटर सुरेंद्र सिंह, पन्नालाल कुमावत, घनश्याम पुरबिया, वनरक्षक अटल सिंह, गिरधारी लाल सैनी और तेजपाल शामिल रहे। टीम ने कुएं में जाल डालकर करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद लेपर्ड को बाहर निकाला।
पानी से बाहर निकालने के बाद ट्रेंक्यूलाइज कर उसे बेहोश किया गया और पिंजरे में डालकर राजसमंद पशु चिकित्सालय लाया गया। वहां मेडिकल जांच के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। पकड़े गए नर लेपर्ड की उम्र करीब 4 से 5 साल आंकी गई है।
