राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेसी सड़कों पर उतरे
Share
प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
उदयपुर। 5 अगस्त
प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, नगर निकाय व पंचायतीराज चुनावों में देरी और स्मार्ट मीटर जैसी समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्री के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन सुबह 11 बजे कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के जुटने के साथ शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र पंड्या के नेतृत्व में रैली निकाली गई जो कलेक्ट्री चौराहा पहुंची। वहां हुई सभा में पंड्या ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में अपराधों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे कानून व्यवस्था चरमरा गई है।
संगठन प्रभारी लालसिंह झाला ने कहा कि नगर निकाय व पंचायतीराज चुनाव बार-बार परिसीमन के नाम पर टाले जा रहे हैं, जो संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन है। विधायक अर्जुनसिंह बामनिया ने कहा कि वार्डों और पंचायतों का मनमाना गठन किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है।
कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने स्मार्ट मीटर लगाने की नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रीपेड सिस्टम से मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और बिजली कटौती की आशंका बनी रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन राकेश सेठिया ने किया। प्रदर्शन में कृष्णपाल सिंह सिसोदिया, डॉ. विकास बामणिया, राजेश टेलर, इमरान खान पठान, रोहित खड़िया, मुकेश जोशी, चंदा डामोर, मोहनलाल रोत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
