प्रतापगढ़ में मादक पदार्थ तस्करी पर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई
Share
नाकाबंदी में 17 लाख की अफीम, गश्त के दौरान युवक से गांजा बरामद
उदयपुर। 5 अगस्त
प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापगढ़ पुलिस को दो बड़ी सफलता मिली हैं। एक मामले में जहां नाकाबंदी के दौरान 17 लाख रुपए मूल्य की 3 किलो 421 ग्राम अवैध अफीम जब्त की गई, वहीं दूसरे मामले में 134 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
पहली कार्रवाई छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने की। कारूण्डा चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति हाईवे पर बैग लटकाए आते हुए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह मुड़ने लगा, जिससे संदेह हुआ। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम बीरबल राम (40) निवासी रोहिचा कलां, लूणी (जोधपुर) बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग में प्लास्टिक की थैली में 3.421 किलोग्राम अफीम मिली। बीरबल के खिलाफ लूणी और झंवर थानों में पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
दूसरी कार्रवाई प्रतापगढ़ शहर में गश्त के दौरान हुई। थानाधिकारी दीपक बंजारा के नेतृत्व में पुलिस टीम कॉलेज तिराहा, बांसवाड़ा रोड के पास पहुंची। वहां प्रतीक्षालय में बैठे एक युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम गुलाबसिंह (35) निवासी प्रतापगढ़ बताया। तलाशी में उसके पास से 134 ग्राम अवैध गांजा मिला। पुलिस ने मौके पर ही एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे इन अभियानों से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस तस्करों के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
