LOADING

Type to search

उत्तरकाशी के धराली में बादल फटा, गांव 34 सेकेंड में तबाह

National

उत्तरकाशी के धराली में बादल फटा, गांव 34 सेकेंड में तबाह

Share

चार की मौत, 50 से ज्यादा लापता; गंगोत्री यात्रा का प्रमुख पड़ाव जमींदोज

उत्तरकाशी। 5 अगस्त
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार दोपहर 1:45 बजे बादल फटने से भीषण तबाही मच गई। खीर गंगा नदी में पहाड़ों से आए भारी मलबे ने महज 34 सेकेंड में धराली बाजार, दर्जनों मकान और होटल तबाह कर दिए। प्रशासन के अनुसार अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है और 50 से अधिक लोग लापता हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
घटना के बाद SDRF, NDRF, ITBP और सेना की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मलबे में 30 फीट तक की गहराई तक सब कुछ दब गया है। धराली के अलावा हर्षिल और सुक्की गांवों में भी बादल फटने की खबर है। हर्षिल में सेना के 8 से 10 जवान लापता बताए जा रहे हैं।
तीर्थयात्रियों का प्रमुख पड़ाव
धराली गांव गंगोत्री धाम से 18 किलोमीटर दूर भागीरथी नदी के किनारे बसा हुआ है। यह गंगोत्री यात्रा का प्रमुख पड़ाव माना जाता है, जहां तीर्थयात्री विश्राम करते हैं। आपदा के समय गांव में कितने लोग मौजूद थे, इसका सटीक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
भयावह दृश्य
आपदा के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आ रहे हैं। चारों ओर चीख-पुकार मची रही। कुछ लोग जो दूर से वीडियो बना रहे थे, वे भी दूसरों को चिल्लाकर भागने के लिए कह रहे थे। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। लगातार बारिश और मलबा हटाने में आ रही दिक्कतों के चलते राहत कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *