शुक्र है भोर में गिरी छत, वर्ना…!
Share
कोटड़ा के महाड़ी विद्यालय की छत गिरी, बड़ा हादसा टला
सुबह समय गिरा जर्जर भवन, विद्यालय समय में होती तो हो सकता था गंभीर हादसा
उदयपुर। 6 अगस्त
उदयपुर जिले के आदिवासी क्षेत्र कोटड़ा की ग्राम पंचायत महाड़ी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बुंबरिया फला का जर्जर भवन बुधवार सुबह अचानक ढह गया। घटना सुबह करीब 6 बजे हुई, जब विद्यालय में कोई मौजूद नहीं था। इस कारण बड़ा हादसा टल गया, लेकिन क्षेत्र में सनसनी फैल गई और विद्यार्थियों व अभिभावकों में भय का माहौल व्याप्त हो गया।
सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी हसमुख कुमार मौके पर पहुंचे और तत्काल जर्जर भवन को जेसीबी से गिराने के आदेश दिए। मलबा हटाने का कार्य तुरंत शुरू किया गया।
विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति के कारण नामांकन 225 से घटकर 190 रह गया है। वर्ष 2021–22 में प्राथमिक से उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत होने के बाद से नए कमरों की मांग लगातार की जा रही है, लेकिन विभाग ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया।
विद्यालय में रसोई, कार्यालय और कक्षाएं सीमित स्थानों में संचालित हो रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि हादसा विद्यालय समय में होता, तो विद्यार्थियों, शिक्षकों और रसोईकर्मियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
घटनास्थल पर सरपंच प्रतिनिधि सुरेश कुमार, ग्राम विकास अधिकारी किरण महावर, प्रधानाचार्य कैलाश कुमार मीणा, शिक्षक अरविंद और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रशासन ने जर्जर भवन को पूर्णतः गिराकर फिलहाल विद्यार्थियों को निजी भवन में अध्ययन कराने की व्यवस्था की है।
