अब कुंभलगढ़ और फुलवारी के जंगलों में रात्रि प्रवास की सुविधा
Share
13 अगस्त से शुरू होगा इको टूरिज्म सीजन, झरनों और अभयारण्यों की रोमांचक सैर
उदयपुर। 7 अगस्त
मानसून सीजन में इस बार पर्यटकों के लिए वन विभाग की ओर से इको टूरिज्म टूर को और अधिक रोमांचक बनाया गया है। अब पहली बार टूरिस्ट कुंभलगढ़, फुलवारी की नाल जैसे अभयारण्यों में रात्रि प्रवास भी कर सकेंगे। इको टूर का यह सीजन 13 अगस्त से शुरू होगा।
रात रुकने की व्यवस्था पहली बार, पैकेज में सफारी और भोजन शामिल
सीसीएफ सेडूराम यादव के निर्देश पर इस बार टूर डेस्टिनेशन के साथ-साथ सुविधाओं में भी बदलाव किया गया है। अब टूरिस्ट एक दिन या दो दिन व एक रात के लिए बुकिंग कर सकेंगे।
पैकेज में यात्रा, ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर, शाम की चाय, एंट्री फीस, सफारी आदि सेवाएं शामिल रहेंगी। रणकपुर जैसे स्थानों पर खुली जिप्सी में जंगल सफारी कराई जाएगी।
नई साइट्स और झरने भी शामिल
इस बार पहली बार मेनाल झरना को भी यात्रा में जोड़ा गया है। अन्य प्रमुख स्थलों में फुलवारी की नाल, सीतामाता, बस्सी, रावली टॉडगढ़, जयसमंद, बाघदड़ा, कुंभलगढ़ आदि शामिल हैं।
इको डेस्टिनेशन साइट्स में गोरमघाट, भीलबेरी और मेनाल झरना जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थानों को भी शामिल किया गया है। सितंबर के बाद ट्रैकिंग आधारित साइट्स जैसे सीतामाता, रणकपुर पर अधिक फोकस किया जाएगा।
इको टूर शेड्यूल
13 अगस्त: मेनाल झरना, बस्सी
17 अगस्त: फुलवारी की नाल
22 अगस्त: गोरमघाट
24 अगस्त: भीलबेरी
27 अगस्त: मेनाल
29 अगस्त: गोरमघाट
पैकेज किराया (रुपयों में)
टूर स्थल एक दिन का पैकेज रात्रि स्टे सहित पैकेज
फुलवारी की नाल 1845 4840
कुंभलगढ़ अभयारण्य 1740 4840
रावली टॉडगढ़ 1845 4950
सीतामाता अभयारण्य 1845 4950
बस्सी अभयारण्य 1845 4950
बस्सी-मेनाल झरना टूर 2100 —
