थल सेनाध्यक्ष का बयान: जल्द हो सकता है अगला युद्ध
Share
IIT मद्रास में बोले जनरल उपेंद्र द्विवेदी — ऑपरेशन सिंदूर पर मिला था फ्रीहैंड, पाकिस्तान चौंक गया था हमारी चालों से
चेन्नई। 10 अगस्त
थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान के साथ निकट भविष्य में युद्ध की आशंका जताते हुए कहा कि हमें उसी के अनुसार तैयारी करनी होगी और इस बार लड़ाई मिलकर लड़नी होगी। उन्होंने यह बात 4 अगस्त को IIT मद्रास में ‘अग्निशोध’- इंडियन आर्मी रिसर्च सेल (IARC) के उद्घाटन समारोह में कही थी, जिसका वीडियो आज सामने आया।
ऑपरेशन सिंदूर में मिली पूरी आज़ादी
जनरल द्विवेदी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सरकार ने सेना को फ्रीहैंड दिया था। यह एक तरह का ग्रे जोन ऑपरेशन था, जिसमें न तो हमें दुश्मन की अगली चाल का पता था, न ही उन्हें हमारी। 25 अप्रैल को उत्तरी कमान दौरे के दौरान इस ऑपरेशन की प्लानिंग हुई और 9 में से 7 आतंकी ठिकाने नष्ट किए गए। 29 अप्रैल को पीएम मोदी से मुलाकात कर ऑपरेशन की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इस नाम ने पूरे देश को जोड़ दिया और हर कोई पूछ रहा था कि इसे क्यों रोका गया।
‘अग्निशोध’ का उद्देश्य
IARC का उद्देश्य सैन्य कर्मियों को डिफेंस टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों जैसे एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग, वायरलेस कम्युनिकेशन और अनमैन्ड सिस्टम में दक्ष बनाना है, ताकि तकनीकी रूप से सक्षम फोर्स तैयार हो सके।
एयर फोर्स चीफ का खुलासा
इसी दिन बेंगलुरु में एयर फोर्स चीफ एपी सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के 5 लड़ाकू विमान और एक सर्विलांस एयरक्राफ्ट को लगभग 300 किलोमीटर की दूरी से मार गिराया गया, जो सतह से हवा में टारगेट हिटिंग का रिकॉर्ड है।
उन्होंने कहा कि हमारा एयर डिफेंस सिस्टम अभेद्य साबित हुआ और हाल ही में खरीदे गए S-400 सिस्टम गेम-चेंजर रहे। पाकिस्तान लंबी दूरी के ग्लाइड बम होने के बावजूद उनका इस्तेमाल नहीं कर सका। बहावलपुर में हमले के बाद वहां की तबाही की तस्वीरें न सिर्फ सैटेलाइट, बल्कि लोकल मीडिया ने भी साझा कीं।
