किश्तवाड़ में बादल फटने से भारी तबाही, मृतकों की संख्या 65 पहुंची
Share
किश्तवाड़, 15 अगस्त : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चशोती गांव में गुरुवार को बादल फटने से भीषण तबाही मची। इस हादसे में अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 100 लोग लापता हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन खराब मौसम की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में लगातार बाधा आ रही है।
करीब 200 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें से 100 से अधिक घायलों का इलाज जम्मू और किश्तवाड़ के अस्पतालों में चल रहा है। मलबे से अब तक 15 शव एक ढाबे से बरामद किए गए हैं। पहाड़ों से आए तेज जलप्रवाह और मलबे ने लंगर स्थल, अस्थायी बाजार, सुरक्षा चौकी सहित 16 घरों और कई धार्मिक स्थलों को तबाह कर दिया।
सेना और स्थानीय प्रशासन ने मचैल यात्रा मार्ग पर टूटा हुआ पुल पार करने के लिए लकड़ी का अस्थायी पुल बनाकर 5000 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला। चशोती में फंसे हजारों लोगों ने रात शिविरों और स्थानीय घरों में गुजारी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्थिति पर चिंता जताई है। पीएम मोदी ने हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है, जबकि मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक चूक पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही की बात कही है।
बारिश के बीच सेना, NDRF, SDRF और स्थानीय स्वयंसेवक मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं। हालांकि, जीवित लोगों के मिलने की संभावना हर घंटे घटती जा रही है। हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण उड़ान नहीं भर सके, जिससे राहत कार्य में देरी हुई।
