सांवलिया जी से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप को ट्रेलर ने मारी टक्कर
Share
चित्तौड़गढ़ हाईवे पर हादसा, तीन घायल; एक की हालत गंभीर
उदयपुर, 16 अगस्त: चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी को पीछे से आ रहे भारी ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसा भदेसर थाना क्षेत्र में हुआ। गाड़ी में 15 श्रद्धालु सवार थे, जो सांवलिया जी के दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीकर से आए थे श्रद्धालु
भदेसर थाने के एएसआई सुनील महाजन ने बताया कि सभी श्रद्धालु राजस्थान के सीकर जिले के अजीतगढ़ कस्बे के एक ही मोहल्ले से हैं। जन्माष्टमी पर वे सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद सभी पिकअप से लौट रहे थे, तभी भदेसर के पास ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
घायल श्रद्धालु जिला अस्पताल में भर्ती
हादसे में बजरंग कुमावत (55), गुलजारी लाल स्वामी (62) और सीताराम कुमावत (50) घायल हुए। तीनों को तुरंत चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार सीताराम को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है।
परिवार संग आए थे दर्शन करने
जानकारी के अनुसार, बजरंग कुमावत अपने परिवार के साथ दर्शन करने आए थे, जिनमें उनकी पत्नी, बेटा, बहू और दो पोते शामिल थे। गुलजारी लाल अपनी पत्नी और बच्चे के साथ आए थे, वहीं सीताराम अपनी पत्नी के साथ पहुंचे थे। हादसे में बाकी 12 लोग सुरक्षित हैं। बजरंग कुमावत सिलाई का काम करते हैं, जबकि गुलजारी लाल और सीताराम मजदूरी करते हैं।
ट्रेलर ड्राइवर हिरासत में, वाहन जब्त
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रेलर रुकवाकर ड्राइवर को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर गोपाल लाल (38), निवासी बनेड़ा, भीलवाड़ा को हिरासत में ले लिया। ट्रेलर में कोयला भरा था, जो गांधीधाम से शंभूपुरा स्थित अल्ट्राटेक फैक्ट्री ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
