पत्नी से विवाद के बाद युवक ने कुएं में लगाई छलांग
Share
मौत से तीन बच्चों का सहारा टूटा
उदयपुर, 16 अगस्त:डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के फूटी तलाई फलोज गांव में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे में युवक की मौके पर ही डूबने से मौत हो गई।
दोवड़ा थाने के हैड कॉन्स्टेबल हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि देवल गांव निवासी धुला मनात ने रिपोर्ट दी कि उसका बेटा हाजाराम मनात (35) बीते 10 साल से ससुराल फूटी तलाई फलोज में पत्नी और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। शुक्रवार को हाजाराम और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर हाजाराम ने ससुराल के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे से मृतक के तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार में गम का माहौल छा गया।
