12 साल की किम का अनूठा अभियान
Share
सड़क सुरक्षा को लेकर बच्ची ने संभाला जिम्मा, लोगों को कर रही जागरूक
उदयपुर, 16 अगस्त: डूंगरपुर की 12 साल की किम भारतीय आज सड़कों पर लोगों की जिंदगी बचाने के लिए एक अनूठा अभियान चला रही है। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली यह बच्ची हेलमेट और सीट बेल्ट की अहमियत बताकर लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सीख दे रही है। किम अपने पिता ब्रजेश सोमपुरा के साथ रोजाना सड़क पर उतरती है और वाहन चालकों को जागरूक करती है।
पिता के साथ सड़क पर उतरकर कर रही प्रेरित
किम भारतीय, ब्रजेश कुमार सोमपुरा और नीता सोमपुरा की बेटी है। समाजसेवा से प्रेरित होकर उसने भी सड़क सुरक्षा का बीड़ा उठाया। वह रोजाना हेलमेट पहनकर अपने पिता के साथ बाइक से निकलती है। सड़क पर जो भी वाहन चालक बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के मिलता है, किम उन्हें रोककर नियमों का पालन करने के लिए समझाती है। उसकी मासूमियत और सच्ची नीयत से प्रभावित होकर लोग तुरंत बात मानते हैं और भरोसा दिलाते हैं कि आगे से नियमों का पालन करेंगे।
पहले भी दे चुकी है बड़ा संदेश
किम भारतीय 2022 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री निवास में काव्य पाठ कर चुकी है। वहीं उसके माता-पिता ने भी सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कई काम किए हैं। साल 2015-16 में उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” संदेश यात्रा निकाली थी, जो राजस्थान और गुजरात के कई जिलों में आयोजित हुई। इसमें कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बेटियों की शिक्षा, बाल विवाह की रोकथाम और आत्महत्या के खिलाफ जनजागरण किया गया था।
लोगों पर हो रहा असर
किम का यह प्रयास जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। चाय की थड़ी, होटल या दुकानों पर भी वह लोगों को समझाती है। नन्हीं बच्ची के इस प्रयास का असर लोगों पर साफ नजर आ रहा है। छोटे स्तर से शुरू हुआ यह अभियान भविष्य में समाज में बड़ी जागरूकता का कारण बन सकता है।
