LOADING

Type to search

अनगढ़ बावजी को तीर्थस्थल बनाने की जरूरत: केंद्रीय मंत्री शेखावत

Local

अनगढ़ बावजी को तीर्थस्थल बनाने की जरूरत: केंद्रीय मंत्री शेखावत

Share

कहा- राज्य सरकार प्रस्ताव बनाकर केंद्र को भेजे, विकास कार्यों से बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन

उदयपुर, 16 अगस्त: केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शनिवार को चित्तौड़गढ़ जिले के नरबदिया गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अनगढ़ बावजी की धूणी पर आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और संत शिरोमणि श्री श्री 1008 अमरा भगत जी के 183वें जन्मोत्सव कार्यक्रम में शिरकत की।
शेखावत ने कहा कि अनगढ़ बावजी का यह स्थान आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है और इसे एक तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने इसे धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देशभर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं।
मंत्री ने सहकारिता मंत्री गौतम दक से आग्रह किया कि वे इस स्थल के विकास के लिए एक समग्र योजना तैयार कर राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र को भेजें। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें इस स्थान के विकास के लिए कार्य करने का अवसर मिला, तो वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानेंगे।
पैनोरमा और कॉटेज निर्माण की योजना
शेखावत ने बताया कि अनगढ़ बावजी पर पैनोरमा प्रोजेक्ट चल रहा है, जिसका बजट पिछली सरकार ने कम कर दिया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसे भव्य रूप देने के लिए केंद्र से पूरा बजट उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने बताया कि श्री सांवलिया जी ट्रस्ट की मदद से यहां साधु-संतों और पर्यटकों के ठहरने हेतु डोम और कॉटेज बनाए जाएंगे। कार्यक्रम में यह भी घोषणा की गई कि मंदिर से अमरा भगत जी की धूणी तक एक सुगम सड़क बनाई जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में सुविधा होगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
अपने संबोधन में शेखावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और देश की तस्वीर बदल रही है।
सांवलिया जी के दर्शन कर लौटे
कार्यक्रम के बाद शेखावत ने श्री सांवलिया जी मंदिर में दर्शन किए और फिर जयपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सहकारिता मंत्री गौतम दक, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, श्रीचंद कृपलानी, अर्जुन लाल जीनगर समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
रोप-वे परियोजना की मांग
उदयपुर एयरपोर्ट पर विधायक आक्या ने शेखावत का स्वागत किया और चित्तौड़गढ़ किले पर लगने वाले जाम की समस्या बताई। उन्होंने पर्यटन मंत्री से पुराने समय से लंबित रोप-वे परियोजना को जल्द शुरू करने का आग्रह किया। आक्या ने कहा कि रोप-वे से पर्यटक बड़ी संख्या में आकर्षित होंगे, जिससे पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *