धनेरियागढ़ में कार्मिकों ने अपने खर्च से लगाए 2100 पौधे
Share
पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल
नाथद्वारा| 18 अगस्त 2025
जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा की पहल पर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने ग्राम पंचायत धनेरियागढ़ स्थित चारागाह भूमि में सघन वृक्षारोपण किया। इस विशेष अभियान में विभागीय कार्मिकों ने अपने निजी खर्च से पौधे खरीदकर 16 बीघा भूमि में 2100 पौधे लगाए।
इस अवसर पर रेलमंगरा उपखंड अधिकारी राकेश न्योल, जिला कोषाधिकारी विशाल अग्रवाल, विकास अधिकारी ममराज मीना, तहसीलदार कालू सिंह राणा, सहायक अभियंता भवानी रैगर सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक श्रमदान कर पौधारोपण कार्य में भागीदारी निभाई।
सीईओ बृजमोहन बैरवा ने कहा कि “पेड़-पौधे न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि भूमि, जल और वायु को भी शुद्ध करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए वरदान बनेगा।”उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारियों द्वारा पूर्व में मोही, केलवा सहित अन्य स्थानों पर 10 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और उनकी नियमित देखभाल की जा रही है।
उपखंड अधिकारी राकेश न्योल और विकास अधिकारी ममराज मीना ने सभी से अपील की कि वे पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी निभाएं। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने भी यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संवर्धन सुनिश्चित किया जाएगा।
