बेड़सा में शराब दुकान का विरोध तेज
Share
स्कूल और धार्मिक स्थल के पास दुकान से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
डूंगरपुर, 20 अगस्त: झोंथरी पंचायत समिति के ग्राम पंचायत बेड़सा में खोली गई शराब दुकान और गोदाम के खिलाफ ग्रामीणों ने बुधवार को सीमलवाड़ा एसडीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से दुकान को तत्काल बंद करने की मांग रखी।
विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं पर असर की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि शराब की दुकान गांव के सीनियर स्कूल के नजदीक है, जिससे विद्यार्थियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। वहीं, पास ही स्थित संत गोविंद गुरु धाम में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी खतरे में है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दुकान के चलते असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे वातावरण खराब हो रहा है।
भय का माहौल बना
ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान खुलने से बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ गया है।
बंद करने की मांग
ग्राम पंचायत प्रशासक के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए तो विरोध और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने मांग रखी कि गांव की सामाजिक और धार्मिक शांति बनाए रखने के लिए शराब की दुकान को तुरंत बंद किया जाए।
