पर्यटन विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर की जमीन पर धोखाधड़ी का खेल: 5 आरोपी गिरफ्तार
Share
फर्जी खातेदार और दस्तावेज बनाकर हड़पी भूमि, सवीना थाना क्षेत्र का मामला
उदयपुर, 21 अगस्त: उदयपुर में धोखाधड़ी कर पर्यटन विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर सुमिता सरोज की पारिवारिक जमीन बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सवीना थाना पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से फर्जी आधार कार्ड और दस्तावेज तैयार कर, मूल खातेदार एसपी सरोज और उनकी पत्नी कुसुमलता सरोज की जगह नकली खातेदार पेश किए। इनकी आड़ में आरोपियों ने फर्जी मुख्तियारनामा बनवाकर जमीन बेच दी।
कैसे रची साजिश
परिवादी सुमिता सरोज ने एफआईआर दर्ज कराई थी कि उनके माता-पिता की डाकन कोटड़ा स्थित 4250 वर्गफीट कृषि भूमि को हड़पने के लिए आरोपियों ने 2019 में जाल बिछाया। अनिसा उर्फ नैना को कुसुमलता सरोज और एक अन्य व्यक्ति को एसपी सरोज दिखाकर फर्जी आधार कार्ड बनवाए गए।
इसके बाद इन फर्जी खातेदारों को पंजियक अधिकारी के सामने मूल मालिक बताकर पेश किया गया। यहां से मोहम्मद शाहिद के नाम पर पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार करवाई गई। इसी के जरिए शाहिद ने यह जमीन आगे बेच डाली।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें मोहम्मद शाहिद पुत्र चांद मोहम्मद, शब्बीर खान पुत्र हरदिल, मोहम्मद एजाज पुत्र मुमताज, अनिसा उर्फ नैना पत्नी अब्दुल फिरोज और मोहम्मद आफताब उर्फ शाहरुख पुत्र मोहम्मद शरीफ शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने संगठित तरीके से यह धोखाधड़ी की। मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की भी भूमिका उजागर हो सके।
