उदयपुर के बड़गांव में एक मकान में 700 वोटर पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
Share
जयपुर/उदयपुर, 22 अगस्त : राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों के बाद मरुधरा में भी कांग्रेस वोटिंग लिस्ट खंगालने में जुट गई है। इसी कड़ी में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने उदयपुर के बड़गांव के एक मकान में 700 वोटर होने का मामला उठाया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी के वोट चोरी के खुलासे के बाद भाजपा के चुनावी डिपार्टमेंट इलेक्शन कमीशन के अद्भुत कारनामों की परतें खुलती जा रही हैं। गोगुंदा विधानसभा (उदयपुर) की बडग़ांव पंचायत में भाजपा-ईसी का ऐसा फर्जीवाड़ा सामने आया है कि एक ही मकान में 700 से ज्यादा मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट चोरी के षड्यंत्र की ये वही सच्चाई है, जिस पर राहुल गांधी लगातार सवाल उठा रहे हैं और आयोग से जवाब मांग रहे हैं। ये कोई इकलौता मामला नहीं है, भाजपा ने लोकतंत्र लूटने के लिए वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर हेरफेर की।
