‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान का सफल आयोजन
Share
पुलिस और आमजन ने मिलकर दिया फिटनेस व स्वास्थ्य का संदेश
प्रतापगढ़। 24 अगस्त
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के फिट इंडिया मिशन के तहत रविवार को ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान का सफल आयोजन इंडोर स्टेडियम, खेल गांव, कलेक्ट्रेट रोड पर किया गया। इस अवसर पर पुलिसकर्मी और आमजन ने मिलकर योग और साइकिलिंग में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और पुलिस-जनता के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे सामूहिक योग सत्र से हुई। इसमें जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह, डिप्टी कमांडेंट महाराणा प्रताप बटालियन सतीश कुमार, वृताधिकारी गजेन्द्र सिंह, जिला वन अधिकारी हरिकिशन सारस्वत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद पर्वत सिंह, कार्यवाहक जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल, जिला चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक यादव सहित विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी, थानाधिकारी, योग प्रशिक्षक तरुणदास बैरागी और उर्मिला गांधी के साथ बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
योग सत्र के बाद साइक्लिंग रैली का आयोजन हुआ, जो खेल मैदान से शुरू होकर औद्योगिक क्षेत्र, कच्ची बस्ती, बगवास बीएड कॉलेज होते हुए पुनः खेल मैदान पर संपन्न हुई। इस रैली में पुलिस बल के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
