LOADING

Type to search

कुंवारी माइंस में दर्दनाक हादसा, चार मासूमों की डूबकर मौत

Local

कुंवारी माइंस में दर्दनाक हादसा, चार मासूमों की डूबकर मौत

Share

उदयपुर, 24 अगस्त
उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। मंदेरिया गांव स्थित कुंवारी माइंस में बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में चार नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन बालक और एक बालिका शामिल है। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और परिजन बच्चों के शवों से लिपटकर विलाप करते रहे।
सूचना पर डबोक थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से चारों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले गए। इस दौरान लोगों ने माइंस मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की और शवों के साथ धरने पर बैठ गए।
पुलिस के अनुसार मृतक बच्चे बकरियां चराने के लिए निकले थे। इसी दौरान वे कुंवारी माइंस के पानी से भरे गड्ढे में नहाने उतर गए। गहरे पानी में चले जाने से वे बाहर नहीं निकल पाए और डूब गए। मृतकों की पहचान लक्ष्मी गमेती (14), भावेश (14), राहुल (12) और शंकर (13) के रूप में हुई है।
यह माइंस उदयपुर-चित्तौड़गढ़ मार्ग पर स्थित है, जहां पत्थर निकालने का काम होता है। बारिश के चलते गड्ढे में पानी भर गया था। हादसे के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस तरह की खुली माइंस पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *