जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में तबाही
Share
वैष्णो देवी मार्ग पर लैंडस्लाइड, 7 की मौत; जम्मू-हिमाचल में बाढ़ और सड़क हादसे
कटरा/जम्मू/मनाली, 26 अगस्त
मां वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुमारी के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के समीप भूस्खलन में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 14 घायल हो गए। घायलों को कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हादसे के बाद यात्रा रोक दी गई है।
भूस्खलन से मार्ग पर टिनशेड और रेलिंग टूट गईं। बड़े-बड़े पत्थर गिरने से रास्ता मलबे से पटा हुआ है। उधर, जम्मू में तवी नदी पर बने पुल के पास सड़क धंसने से कई गाड़ियां गिर गईं। पुलिस और बचाव दल मौके पर हैं।
डोडा जिले में बादल फटने से 10–15 मकान बह गए, 4 लोगों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश से कई नेशनल हाईवे बंद हैं। बुधवार को जम्मू-कश्मीर में सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। जम्मू एयरपोर्ट भी बंद है और नेटवर्क बाधित है।
इसी बीच, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में ब्यास नदी और पहाड़ी नालों के उफान से 20 से ज्यादा घर-दुकानें बह गईं। 30 से अधिक मकान खतरे में हैं। कुल्लू-मनाली रोड का हिस्सा नदी में बहने से मनाली का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
