आयुर्वेदिक दवाओं के बीच में छिपा रखा था डोडा-चूरा
Share
हाईवे पर 482 किलो माल से भरा ट्रक पकड़ा, 1 तस्कर गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़। 29 अगस्त
केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) चित्तौड़गढ़ सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आयुर्वेदिक दवाओं के कार्टनों में छिपाकर ले जाया जा रहा 482 किलो से ज्यादा डोडा-चूरा बरामद किया।
सूचना मिलने पर टीम ने चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा हाईवे पर नजर रखी और नरपत खेड़ी ओवरब्रिज के पास संदिग्ध ट्रक को रोका। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि दवाओं के कार्टनों के नीचे अवैध डोडा-चूरा रखा हुआ है। तलाशी के दौरान कुल 482.630 किलोग्राम डोडा-चूरा जब्त किया गया।
सीबीएन अधिकारियों ने ट्रक और नशीला माल जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह खेप हिमाचल प्रदेश ले जाई जा रही थी। अब यह पता लगाया जा रहा है कि माल कहां से आया और किसे सप्लाई किया जाना था।
यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल के नेतृत्व में की गई। एजेंसी के अनुसार नशे की तस्करी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
