उदयपुर के गौरव-सौरव ने दुनिया में रोशन किया भारत का नाम
Share
स्वीडन में रचा इतिहास, कहलाए आयरनमैन ब्रदर्स, फिनिश लाइन पर भारतीय तिरंगा लहराया
उदयपुर। 30 अगस्त
झीलों की नगरी उदयपुर के दो भाइयों गौरव व सौरव सिखवाल ने स्वीडन के कालमार में हुई दिग्गज आयरनमैन ट्रायथलॉन को सफलतापूर्वक पूरा कर एक नया रिकॉर्ड बनाकर देश-दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय भाई और दुनिया के पहले एशियाई भाई बने।
उदयपुर के सुखेर में रहने वाले 33 वर्षीय गौरव व 32 वर्षीय सौरव सिखवाल ने यह दावा करते हुए पत्रकारों को बताया कि समुद्र में 10-15 डिग्री सेंटीग्रेड ठंडे पानी में 3.8 किलोमीटर में तैराकी की। तेज हवाओं वाली खुली सड़कों पर 180 किलोमीटर साइकिलिंग की और बाद में 42.2 किलोमीटर की मैराथन दौड़ को पूर्ण किया।
गौरव ने बताया कि आयरनमैन को दुनिया की सबसे कठिन सहनशक्ति प्रतियोगिता कहा जाता है और वास्तव में हर पल बहुत कठिन था, लेकिन उन्होंने जो सपना देखा और जो ठान रखा था उसे पूरा करना था। वे टारगेट लेकर चल रहे थे और आखिर सफलता मिली। सौरव ने बताया कि प्रतियोगिता में 75 से ज्यादा देशों से आए 2800 से अधिक एथलीट्स ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता को पूरा करने के लिए अधिकतम कट-ऑफ समय 16 घंटे रखा गया था। दोनों भाइयों को यह उपलब्धि एक साल की कठिन ट्रेनिंग, सख्त डाइट और मानसिक तैयारी से हासिल हुई। गौरव और सौरव ने कहा कि उन्हें गर्व है कि फिनिश लाइन पर भारतीय तिरंगा लहराया।
