खेल मंत्री राठौड़ बोले, मेरी सबसे बड़ी आलोचक मेरी पत्नी
Share
उदयपुर में साइक्लोथॉन-मैराथन, फतहसागर में ड्रेगन बोट का लुत्फ
उदयपुर, 31 अगस्त
खेल दिवस के अवसर पर आयोजित साइक्लोथॉन और मैराथन कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि जीवन में सही दिशा पाने के लिए अच्छे साथियों का होना जरूरी है। उन्होंने कहा – “मेरी सबसे बड़ी आलोचक मेरी पत्नी है और मुझे लगता है कि हर किसी की पत्नी सबसे बड़ी आलोचक होती है। आलोचना व्यक्ति को बेहतर बनाती है।”
साइक्लोथॉन और मैराथन में उत्साह
रविवार सुबह मोती मगरी गेट से साइक्लोथॉन की शुरुआत हुई, जो फतेहसागर ओवरफ्लो प्वाइंट, यूडीए सर्कल, सहेलियों की बाड़ी और देवाली छोर से होती हुई फतहसागर पाल पर समाप्त हुई। वहीं, मैराथन मोती मगरी से शुरू होकर फतहसागर पाल होते हुए टाया पैलेस तक संपन्न हुई। खेल मंत्री स्वयं भी साइकिल पर सवार हुए। उनके साथ सांसद मन्नालाल रावत, डिवीजनल कमिश्नर प्रज्ञा केवल रमानी, कलेक्टर नमित मेहता और यूडीए कमिश्नर राहुल जैन भी शामिल हुए।
फतहसागर में ड्रेगन बोट
कार्यक्रम के दौरान राठौड़ ने फतहसागर झील में ड्रेगन बोट चलाने का आनंद लिया। इस दौरान सांसद मन्नालाल रावत और डिवीजनल कमिश्नर प्रज्ञा केवल रमानी भी बोट में उनके साथ थे। वहीं, वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों ने कयाकिंग और कैनोइंग शो कर दर्शकों को रोमांचित किया।
खेलगांव और स्लरी पार्क का निरीक्षण
राठौड़ ने महाराणा प्रताप खेलगांव का दौरा कर विभिन्न खेल मैदान और चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रस्तावित शूटिंग रेंज पर अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने मार्बल स्लरी पार्क का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
