इंस्टाग्राम दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग का जाल
Share
विवाहिता ने युवक से 5 लाख की मांग की, पुलिस ने दर्ज किया मामला
कपासन, 31 अगस्त
सोशल मीडिया पर दोस्ती का जाल बुनकर एक विवाहिता द्वारा युवक को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुबई में मजदूरी करने वाला कपासन निवासी आबिद हुसैन शैख है, जिसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती और शादी का झांसा
शिकायत के अनुसार मार्च 2025 में आबिद की इंस्टाग्राम पर हिना नामक महिला से दोस्ती हुई। हिना ने खुद को अविवाहित बताकर निकाह का प्रस्ताव दिया। आबिद ने दो साल बाद शादी करने पर सहमति दी थी। बाद में पता चला कि हिना न केवल विवाहित है बल्कि उम्र में आबिद से 5 साल बड़ी भी है।
चित्तौड़ बुलाकर बनाया दबाव
24 अगस्त को हिना ने आबिद को चित्तौड़गढ़ बुलाया। जब आबिद ने उम्र छिपाने की वजह पूछी तो हिना ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान उसके साथी भूरा और सहेली किरण ने आबिद पर शादी का दबाव बनाया और छेड़छाड़ व दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
जबरन फोटो और पैसों की मांग
आरोपियों ने आबिद से जबरन कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए और गले में माला डालकर फोटो खिंचवाए। किसी तरह आबिद वहां से भाग निकला। इसके बाद से हिना लगातार फोन पर 5 लाख रुपए की मांग कर रही है। हिना के भाई तस्लीम और आसिफ भी धमकी देने में शामिल बताए गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने हिना सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई शंकर लाल कर रहे हैं।
