प्रतापगढ़ में एक ही परिवार के 7 लोग फूड प्वाइजनिंग से बीमार
Share
कोदरा की रोटियां खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
प्रतापगढ़, 31 अगस्त
प्रतापगढ़ जिले के सालमगढ़ थाना क्षेत्र के मऊ खेड़ा गांव में रविवार को एक ही परिवार के 7 लोग दोपहर का खाना खाने के बाद बीमार हो गए। सभी को उल्टी-दस्त और चक्कर की शिकायत होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बीमार परिवार के सदस्य विनोद मीणा ने बताया कि रविवार दोपहर को घर पर कोदरा अनाज से बनी रोटियां खाई गईं। खाने के कुछ देर बाद ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। सबसे पहले सभी को सालमगढ़ पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मरीजों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। एम्बुलेंस चालक राकेश कुमार, विनोद कुमार और किशोर कुमार ने तत्परता से कार्य करते हुए सभी को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में भर्ती लोगों में शांता बाई (50), प्रकाश (30), रकमा (60), ममता (35), नारायण (50), भुली (50) और सीमा (30) शामिल हैं। इनमें चार महिलाएं और तीन पुरुष हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार यह मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत होता है। रविवार शाम तक सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि सभी का इलाज किया जा रहा है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
