LOADING

Type to search

सांवलियाजी मेले में भक्ति, संस्कृति और सियासत का संगम

Local

सांवलियाजी मेले में भक्ति, संस्कृति और सियासत का संगम

Share

जलझूलनी एकादशी पर भजन-संध्या, पूर्णिमा पर दर्शन बंद रहेंगे, सचिन पायलट 7 सितम्बर को करेंगे दर्शन

मंडफिया, 4 सितम्बर
मेवाड़ अंचल के प्रमुख तीर्थ स्थल भगवान श्री सांवलियाजी सेठ मंडफिया में तीन दिवसीय मेले का आयोजन जारी है। मेले के दूसरे दिन जलझूलनी एकादशी पर्व पर बुधवार रात भजन-संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भक्तों को देर रात तक बांधे रखा।
मीरा रंगमंच, रेफरल चिकित्सालय परिसर और गोवर्धन रंगमंच पर विविध प्रस्तुतियां हुईं। सुप्रसिद्ध भजन गायिका ऋचा शर्मा, गोकुल शर्मा और तृषा सुथार ने अपनी मधुर आवाज से वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। गोवर्धन मंच पर उदय दहिया की हास्य प्रस्तुतियों और कालबेलिया-लोकनृत्य दलों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सांसद सी.पी. जोशी, जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर और मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पूर्णिमा पर दर्शन रहेंगे बंद
सांवलिया सेठ मंदिर की सीईओ एवं एडीएम प्रभा गौतम ने बताया कि 7 सितम्बर को पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण होने के कारण दोपहर 12 बजे के बाद दर्शन बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद 8 सितम्बर की सुबह 5 बजे मंगला आरती के साथ पुनः दर्शन प्रारंभ होंगे।
सचिन पायलट मनाएंगे जन्मदिन
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट 7 सितम्बर को सांवलियाजी के दरबार पहुंचेंगे। वे अपने 48वें जन्मदिन पर सुबह 10 बजे मंडफिया पहुंचकर भगवान सेठ के दर्शन करेंगे और देश में अमन-शांति की कामना करेंगे। दर्शन के बाद पायलट गोवर्धन रंगमंच पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस मौके पर 35 से अधिक कांग्रेस विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *