जनता के लिए खुला फतहसागर का नेहरू गार्डन
Share
सांसद-विधायकों ने किया लोकार्पण, नाव से ही होगा प्रवेश; पर्यटकों के लिए टिकट दरें तय
उदयपुर, 5 सितम्बर
फतहसागर झील के बीच स्थित नेहरू गार्डन आखिरकार चार साल के लंबे इंतजार के बाद आमजन और पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। करीब दस करोड़ रुपए की लागत से उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने उद्यान का जीर्णोद्धार कराया। शुक्रवार को आयोजित लोकार्पण समारोह में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
जेटी और उद्यान का लोकार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत रानी रोड पर राजीव गांधी स्मृति उद्यान के सामने नवनिर्मित जेटी के उद्घाटन से हुई। इसके बाद अतिथि नाव से झील पार कर उद्यान पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना कर गार्डन का लोकार्पण किया गया। इस दौरान वॉटर बॉडीज के लिए म्यूजिकल फाउंटेन और पूरे परिसर की फसाड लाइटिंग कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
टिकट दरें और नाव संचालन
यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि उद्यान तक पहुंचने के लिए नाव संचालन रानी रोड स्थित जेटी से किया जाएगा। पार्क में केवल नाव से ही प्रवेश संभव होगा और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बोट चलाई जाएंगी। यहां पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी। टिकट दरें इस प्रकार हैं।
वयस्क: ₹210
बच्चे: ₹110
विदेशी पर्यटक: ₹420
जीर्णोद्धार में हुए बदलाव
नेहरू गार्डन का निर्माण वर्ष 1967 में हुआ था। जीर्णोद्धार कार्यों में सिविल वर्क, फुटपाथ, वॉटर बॉडीज, हेरिटेज स्ट्रक्चर और हॉर्टिकल्चर का नवीनीकरण किया गया। पहले झील का जलस्तर बढ़ने पर गार्डन डूब जाता था। अब फुटपाथ का लेवल ऊंचा कर दिया गया है ताकि अधिकतम भराव पर भी उद्यान जलमग्न न हो।
नाइट ट्यूरिज्म को बढ़ावा
अभी गार्डन सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। दो से तीन माह में म्यूजिकल फाउंटेन और लाइटिंग कार्य पूरे होने के बाद यह रात 9.30 बजे तक खुला रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे उदयपुर में नाइट ट्यूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा रानी रोड पर नाइट फूड कोर्ट भी प्रस्तावित है, जिससे यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा और मुख्य पाल पर दबाव कम होगा।
