राजसमंद में तेंदुए ने चार लोगों को किया घायल, गाय से भिड़ंत के बाद तोड़ा दम
Share
उदयपुर, 8 सितम्बर
राजसमंद जिले के सीमाल गांव में सोमवार सुबह एक मादा तेंदुआ आबादी क्षेत्र में घुस गया और चार ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार पारी देवी और केसर देवी घायल हुईं, जबकि मोहनलाल और देवीलाल को मामूली खरोंच आई। हमला करने के बाद तेंदुआ हरलाल टेलर के मवेशी बाड़े में घुस गया और एक गाय पर हमला करने का प्रयास किया, जिससे वह खुद घायल हो गया।
सूचना पर बिनोल वन नाका और राजसमंद से वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डीएफओ कस्तूरी प्रशांत सूले के अनुसार वनकर्मी सुरेंद्र सिंह, अटल सिंह, महेंद्र सिंह, पन्नालाल कुमावत और घनश्याम पूर्बिया ने जाल डालकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया। घायल तेंदुए को उदयपुर बायोलॉजी पार्क भेजने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन रेस्क्यू के कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई।
मादा तेंदुए की उम्र 4 से 5 साल बताई गई है। वन विभाग ने बताया कि नियमानुसार तीन डॉक्टरों की टीम बनाकर पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिससे मौत का कारण स्पष्ट होगा। ग्रामीणों और वन विभाग दोनों ने इस घटना के बाद सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।
