प्रधानमंत्री मोदी का बांसवाड़ा दौरा संभावित
Share
माही परमाणु बिजलीघर परियोजना का करेंगे शिलान्यास, प्रशासनिक तैयारियां तेज
उदयपुर, 8 सितम्बर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी 20 सितम्बर को बांसवाड़ा दौरा संभावित है। दौरे के दौरान वे लगभग 50 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 2800 मेगावाट क्षमता की एनपीसीआईएल माही परमाणु बिजलीघर परियोजना का शिलान्यास करेंगे और एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। हालांकि अभी पीएमओ से उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी और पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव बांसवाड़ा पहुंचे। उन्होंने छोटी सरवन पंचायत समिति क्षेत्र के नापला स्थित परमाणु बिजलीघर कार्यालय का निरीक्षण किया और शिलान्यास व सभास्थल के संभावित स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव, पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, एडीएम अभिषेक गोयल और एएसपी डॉ. राजेश भारद्वाज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा की तैयारियां
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि पार्टी ने प्रधानमंत्री से राजस्थान दौरे का समय मांगा है। 17 सितम्बर को मोदी का जन्मदिन और भाजपा का ‘सेवा सप्ताह’ है। ऐसे में संभावना है कि 17 सितम्बर के बाद 20 को वे बांसवाड़ा आएं। कार्यक्रम तय होने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और दोनों राज्यों के मंत्री भी शामिल होंगे। भाजपा ने सभा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी का लक्ष्य है कि सभा में एक लाख से अधिक लोग जुटें। इसके लिए बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ के साथ ही मध्यप्रदेश के रतलाम और आसपास से भी कार्यकर्ताओं को बुलाया जाएगा।
माही परियोजना का महत्व
यह परियोजना न केवल राजस्थान बल्कि देश की ऊर्जा क्षमता को नई दिशा देगी। इसके शिलान्यास से क्षेत्रीय विकास, रोजगार और औद्योगिक प्रगति की संभावनाएं मजबूत होंगी। प्रशासन और भाजपा संगठन स्तर पर तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं।
