इस साल शारदीय नवरात्र 10 दिन, हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा
Share
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 9 सितम्बर
इस बार शारदीय नवरात्र 22 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर को विजयादशमी के साथ समाप्त होगा। इस बार चतुर्थी तिथि दो दिन रहेगी। पूर्णिमा 7 अक्टूबर और छठ का पारण 28 अक्टूबर को होगा।
पंडित प्रदीप लक्ष्मीनारायण द्विवेदी के अनुसार इस बार मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी, जिसे शुभ संकेत माना जाता है। हाथी पर आगमन से अच्छी वर्षा, कृषि वृद्धि, दूध उत्पादन और धन-धान्य की बढ़ोतरी होती है। वहीं, विजयादशमी पर माता का वाहन मनुष्य की सवारी होगा, जिससे लोगों को सुख और शांति का अनुभव होगा।
पूजा कार्यक्रम इस प्रकार है:
22 सितंबर: प्रातः 5 बजे से दोपहर तक कलश स्थापना, शैलपुत्री पूजन।
27 सितंबर: पंचमी सुबह 8:46 तक; बेल बोधन/बेलभरनी शाम को।
28 सितंबर: षष्ठी दिन 10:30 तक; बेलवरण पूजन।
29 सितंबर: महासप्तमी दिन 12:26 तक; नवपत्रिका प्रवेश और महानिशा पूजन (चामुंडा देवी, 108 दीप प्रज्वलित)।
30 सितंबर: महाअष्टमी दिन 1:45 तक; संधि पूजा और नवमी का उपवास।
1 अक्टूबर: महानवमी दोपहर 2:37 तक; कन्या पूजन, अपराजिता व शमी पूजन, नीलकंठ दर्शन और हवन।
2 अक्टूबर: विजयादशमी दोपहर 2:57 तक।
कारोबारियों में उत्साह
इस बार नवरात्रि दस दिन से रहने से उदयपुर के कारोबारियों में उत्साह है। चौपहिया और दुपहिया वाहनों के डीलर्स, ज्वेलरी, इलेक्ट्रोनिक्स, रेडिमेड कपड़ा विक्रेता, इलेक्ट्रीक सामग्री सहित विभिन्न कारोबार करने वाले व्यापारियों को इस साल पिछले साल के मुकाबले अच्छी बिक्री का अनुमान है। कारोबारी विजय कुमार का कहना है कि नवऱात्रि में सर्वाधिक बिक्री होती है। इस साल दस दिन तक नवरात्रि होने का लाभ सभी कारोबारियों को मिलेगा।
