बिजली के तार चोरी करने के प्रयास में लगा करंट, 2 युवकों की मौत
Share
उदयपुर जिले के सायरा थानाक्षेत्र का मामला, युवकों की पहचान के प्रयास जारी
उदयपुर, 10 सितम्बर
जिले के सायरा थाना क्षेत्र के पानेर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव खेत में लगभग 100 मीटर की दूरी पर अलग-अलग पड़े मिले, जबकि पास ही बिजली के तार भी टूटे हुए पाए गए। प्रथम दृष्टया सामने आया है कि युवक बिजली के तार चोरी करने की नीयत से वहां गए थे।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 2 बजे अचानक गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। बुधवार सुबह तक जब बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो ग्रामीणों ने विद्युत निगम को सूचना दी। निगम की टीम जब फाल्ट ढूंढ़ते हुए घटनास्थल पर पहुंची तो उन्हें खेत में झुलसे हुए दो शव दिखाई दिए। साथ ही पास ही लकड़ी और औजार जैसी सामग्री भी बरामद हुई।
थानाधिकारी किशोर सिंह शक्तावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला तार चोरी का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि दोनों युवक आधी रात को हाईटेंशन लाइन काटने पहुंचे थे और इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही दोनों कुछ दूरी तक छिटक गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शवों को सायरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। दोनों मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आसपास के थानों में भी गुमशुदगी और पहचान के लिए सूचना भेजी गई है। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है।
