फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा: मशीन में साड़ी फंसने से महिला मजदूर की मौत
Share
दो साल पहले पति का कट चुका था हाथ
उदयपुर, 11 सितम्बर
उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र स्थित गुड़ली के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां कुमार मिनरल्स नामक फैक्ट्री में काम कर रही महिला मजदूर कमला मीणा निवासी प्रतापगढ़ की मशीन में साड़ी फंस जाने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला साड़ी के साथ रोलर में खिंचती चली गई और पेट का हिस्सा कट जाने से मौके पर ही उसकी जान चली गई।
थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में सोप स्टोन का पाउडर बनाने का काम होता है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए मुआवजे की मांग करने लगे। यूनियन नेता पुष्कर जोशी का कहना है कि मृतका का पति मानसिंह भी इसी फैक्ट्री में कार्यरत है, जिसका दो साल पहले हादसे में हाथ कट चुका है। उस समय मात्र 25 हजार रुपए का मुआवजा दिया गया था, जिसे बाद में वेतन से किस्तों में काट लिया गया।
ग्रामीणों और यूनियन नेताओं ने बताया कि मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक साल भर का ही है। पति पहले से अपंग है और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। ऐसे में परिजनों ने 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग उठाई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में लंबी वार्ता के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने 11 लाख रुपए का मुआवजा देने पर सहमति बनी।
हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि फैक्ट्री को रातभर संचालन की अनुमति थी या नहीं।
