नेपाल हिंसा में 5 अरब का हिल्टन होटल तबाह
Share
बीमा कंपनियों को 31 अरब रुपए तक का क्लेम झेलना पड़ सकता है, 2015 भूकंप से तीन गुना ज्यादा नुकसान
काठमांडू, 11 सितम्बर
नेपाल में भड़की हिंसा ने राजधानी काठमांडू को भारी नुकसान पहुंचाया है। प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को सिंह दरबार, सुप्रीम कोर्ट, राष्ट्रपति निवास और कई निजी-सरकारी इमारतों में आगजनी की। सबसे ज्यादा नुकसान हाल ही में बने हिल्टन होटल को हुआ, जिसमें करीब 5 अरब भारतीय रुपए की लागत आई थी।
हिल्टन काठमांडू का सबसे ऊंचा 5-स्टार होटल था, जिसे नेपाल के शंकर ग्रुप ने आधुनिक सुविधाओं के साथ बनवाया था। इसने नेपाल को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर खास पहचान दी थी। लेकिन हिंसा में इसे आग के हवाले कर दिया गया।
नेपाल इंश्योरेंस एसोसिएशन (NIA) का अनुमान है कि बीमा कंपनियों पर करीब 31 अरब भारतीय रुपए के दावों का बोझ आ सकता है। यह नुकसान 2015 के भूकंप से तीन गुना अधिक बताया जा रहा है। NIA और नेपाल राष्ट्र बैंक मिलकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
होटल के अलावा भाटभटेनी सुपरमार्केट, एनसेल, सीजी इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल कॉलेज, उल्लेंस स्कूल, सुजुकी शोरूम और सेंट्रल बिजनेस पार्क को भी आग लगा दी गई। विराटनगर और इटहरी में राष्ट्रीय वाणिज्य बैंक, हिमालयन बैंक, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक और ग्लोबल IME बैंक की शाखाओं को निशाना बनाया गया।
बीमा उद्योग पहले ही दबाव में था। वित्त वर्ष 2024/25 में बीमा कंपनियों ने 26 अरब रुपए का प्रीमियम जुटाया और 11 अरब का क्लेम चुकाया था। अब अचानक बढ़े दावों से बीमा कंपनियों और ग्राहकों दोनों के सामने बड़ा वित्तीय संकट खड़ा हो गया है।
