दिवाली से पहले मिल सकती है खुशखबरी
Share
EPFO बैठक में फाइनल होगा फैसला, ATM और UPI से निकाल पाएंगे PF का पैसा
नई दिल्ली, 11 सितम्बर
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करीब 8 करोड़ सब्सक्राइबर्स के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी आ सकती है। श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में 10-11 अक्टूबर को होने वाली बैठक में यह तय होगा कि EPFO 3.0 के तहत कब से पीएफ का पैसा एटीएम और यूपीआई के जरिए निकाला जा सकेगा।
बैठक में ट्रेड यूनियनों की उस मांग पर भी चर्चा होगी, जिसमें न्यूनतम पेंशन को 1,000 रुपए से बढ़ाकर 1,500 से 2,500 रुपए के बीच करने का प्रस्ताव रखा गया है।
सूत्रों के मुताबिक EPFO 3.0 को पूरी तरह डिजिटल सेवाओं के लिए डिजाइन किया गया है। इसके तहत सब्सक्राइबर्स को ATM जैसा कार्ड मिलेगा, जो उनके PF अकाउंट से लिंक होगा। इससे न सिर्फ एटीएम बल्कि Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे UPI ऐप्स से भी पीएफ निकासी संभव होगी।
दरअसल, यह प्रोजेक्ट जून में लॉन्च होना था, लेकिन तकनीकी टेस्टिंग की वजह से टाल दिया गया। अब सरकार कोशिश कर रही है कि त्योहारों से पहले इसे लागू कर दिया जाए।
EPFO 3.0 से फायदे:
- पीएफ अकाउंट बैलेंस और कॉन्ट्रिब्यूशन ट्रैक करने की सुविधा
- क्लेम और निकासी की पूरी डिजिटल प्रोसेस
- घर बैठे पीएफ सर्विसेज की आसान उपलब्धता
अगर यह फैसला हो जाता है तो पीएफ सब्सक्राइबर्स को ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं रहेगी और वे सीधे एटीएम या मोबाइल से अपना पैसा निकाल सकेंगे।
