नेपाल की पहली महिला पीएम बनीं सुशीला कार्की
Share
राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ, फिलहाल कोई मंत्री नहीं
काठमांडू, 12 सितंबर: सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री बन गई हैं। उन्हें राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने शुक्रवार रात राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में शपथ दिलाई। फिलहाल सरकार में किसी और को मंत्री नहीं बनाया गया है। राष्ट्रपति ने ऐलान किया कि अगले छह महीनों के भीतर संसद का नया चुनाव कराया जाएगा।
Gen-Z नेताओं ने ठुकराया मंत्रिमंडल
हालांकि, युवा Gen-Z नेताओं ने इस सरकार में शामिल होने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि वे सरकार के कामकाज की निगरानी करेंगे, लेकिन इसमें हिस्सा नहीं लेंगे।
पहली महिला चीफ जस्टिस और शैक्षिक पृष्ठभूमि
सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला चीफ जस्टिस भी रह चुकी हैं। उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। उनके कार्यकाल में न्यायपालिका और शासन में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिला।
अनुच्छेद 61 के तहत नियुक्ति
नए संविधान लागू होने के बाद सरकारें आम तौर पर अनुच्छेद 76 के तहत बनाई जाती थीं। लेकिन सुशीला कार्की को अनुच्छेद 61 के तहत प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। यह अनुच्छेद सीधे प्रधानमंत्री के पद या शक्तियों का जिक्र नहीं करता, बल्कि राष्ट्रपति की जिम्मेदारियों और संविधान की रक्षा के कर्तव्यों को परिभाषित करता है। राष्ट्रपति ने इसी अनुच्छेद के अनुसार कार्की को पीएम नियुक्त किया। यह कदम नेपाल में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
