LOADING

Type to search

अगले सप्ताह छलक सकती है राजसमंद झील

Uncategorized

अगले सप्ताह छलक सकती है राजसमंद झील

Share

गेज 28.80 फीट, 30 फीट तक पहुंचने में 6-7 दिन लग सकते हैं
उदयपुर, 16 सितम्बर

राजसमंद झील का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को झील का गेज 28.80 फीट दर्ज किया गया। झील के लबालब होने के लिए अब केवल 1.20 फीट पानी की जरूरत है। बीते 24 घंटों में 2 इंच पानी की आवक हुई है। इस रफ्तार से अनुमान है कि अगले 6 से 7 दिनों में झील का स्तर 30 फीट तक पहुंच सकता है और झील छलक सकती है।
हालांकि बारिश का दौर थम चुका है, लेकिन खारी फीडर और गोमती नदी से निरंतर आ रही पानी की आवक से शहरवासियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इससे पहले 2017 और 2023 में झील छलकी थी।
गौरतलब है कि 1994 से 2006 तक लगातार 12 वर्षों तक झील पूरी तरह सूख चुकी थी। उस दौरान शहरवासियों ने पहली बार झील का पैंदा देखा था। वर्ष 2006 में गोमती नदी से पानी की आवक शुरू हुई और लंबे 44 साल के अंतराल के बाद झील छलकी। यह नजारा पूरे जिले के लिए खुशी का अवसर रहा।
राजसमंद झील न केवल शहर बल्कि आसपास के गांवों की जीवनरेखा मानी जाती है। यह पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ किसानों की सिंचाई जरूरतों को भी पूरा करती है। झील के किनारे बनीं दो बड़ी पालें—नो चोकी पाल और द्वारिकाधीश मंदिर घाट—अपने अद्वितीय वास्तु और सफेद संगमरमर की चमक से पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि झील इस वर्ष छलकती है तो यह न सिर्फ जलापूर्ति व खेती के लिए वरदान होगा, बल्कि जिले के पर्यटन को भी नई ऊंचाई देगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *