सलूम्बर के पूनावली फला में खाटों पर मरीज लाने की मजबूरी
Share
सड़क के अभाव में अब भी पिछड़े हालात
उदयपुर, 16 सितम्बर: जिले के सराड़ा पंचायत समिति की कलात पंचायत का पुनावली फला आज भी 21वीं सदी में मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। करीब 30 से 35 घरों की इस बस्ती में 250 से अधिक ग्रामीण रहते हैं, लेकिन यहां तक पहुंचने के लिए आज तक पक्की सड़क नहीं बनी।
ग्रामीण प्रभुलाल मीणा ने बताया कि लक्ष्मणलाल मीणा (पुत्र हीरालाल) का हाल ही में उदयपुर में ऑपरेशन हुआ था। घर लौटने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। रातभर हालत गंभीर बनी रही। सुबह परिजनों ने मजबूरी में उन्हें खाट पर डालकर तीन किलोमीटर कच्ची पगडंडी से बामनिया रोड तक पैदल पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस बुलाकर उदयपुर अस्पताल भेजा गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
गर्भवती महिलाओं को भी भुगतना पड़ता है संकट
ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। कई बार गर्भवती महिलाओं को भी खाट या झोली में डालकर तीन किलोमीटर पैदल रास्ता तय कर अस्पताल पहुंचाना पड़ा है। यह स्थिति ग्रामीणों की पीड़ा और प्रशासन की संवेदनहीनता को उजागर करती है।
सड़क निर्माण पर अटका मामला
ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सड़क निर्माण व मूलभूत सुविधाओं के लिए ज्ञापन दिए, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। सड़क वन विभाग की जमीन से निकलनी है। पंचायत इसके बदले विभाग को जमीन दे चुकी है, बावजूद इसके कार्यवाही अब तक अटकी हुई है।
ग्रामीणों का सवाल: आखिर कब तक?
ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, तो आज़ादी के सात दशक बाद भी पुनावली फला जैसे दुर्गम गांव सड़क जैसी सुविधा से क्यों वंचित हैं। आखिर कब तक बीमारों और गर्भवती महिलाओं को खाट और झोली में डालकर अस्पताल ले जाया जाएगा।
